Godda: गोड्डा जिले के महागामा अनुमंडल अंतर्गत डुमरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा में सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई मृत खाताधारकों के बैंक खातों में जमा राशि उनके उत्तराधिकारियों को हस्तांतरित करने के एवज में कथित रिश्वत लेने की शिकायत के आधार पर की गई।
चार घंटे तक चली जांच
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की संयुक्त टीम धनबाद और दिल्ली से डुमरिया शाखा पहुंची। शाम करीब 4 बजे शुरू हुई जांच रात 8 बजे तक चली। इस दौरान अधिकारियों ने बैंक के विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की।
शाखा प्रबंधक और कैशियर से पूछताछ
जांच के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने शाखा प्रबंधक रोहित कुमार और बैंक के कैशियर से लंबी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दोनों से जानकारी ली गई।
बैंक रिकॉर्ड खंगाले गए
सीबीआई टीम ने बैंक के कई अहम दस्तावेजों और खातों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। जांच का मुख्य फोकस मृत खाताधारकों की जमा राशि के भुगतान और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं पर रहा।
कर्मियों को साथ ले जाने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद सीबीआई टीम शाखा प्रबंधक और कैशियर को अपने साथ लेकर रवाना हुई। हालांकि देर रात तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
इलाके में चर्चाओं का दौर
बैंक में सीबीआई की कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा। वहीं बैंक कर्मी भी मामले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल सीबीआई की जांच जारी है। एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।