Pakur News: पाकुड़ में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने से दर्जनों महिलाएं इन दिनों कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। लाभुक महिलाओं का कहना है कि पिछले दो महीने से उनके खाते में योजना की राशि नहीं आई है, जिससे उनमें प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सत्यापन के नाम पर लौटाई जा रहीं लाभुक
महिलाओं ने बताया कि अधिकारियों ने दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अंचल कार्यालय भेजा था। वहां कुछ महिलाओं के कागजातों का सत्यापन किया गया, लेकिन अधिकांश को यह कहकर वापस लौटा दिया गया कि जनगणना कार्य के कारण अधिकारी और कर्मी व्यस्त हैं।
जानकारी के अभाव में बढ़ी परेशानी
लाभुकों का कहना है कि उन्हें चेतावनी दी गई कि दस्तावेजों का सत्यापन नहीं होने पर योजना का लाभ बंद हो सकता है। इसी वजह से वे सामाजिक सुरक्षा कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की निदेशक कांति रश्मि ने कैमरे पर बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि इस मामले में जवाब जिला उपायुक्त देंगे।
10 दिनों में राशि हस्तांतरण का दावा
हालांकि, विभागीय सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने जिले के करीब 1.55 लाख मंईयां सम्मान योजना लाभार्थियों के लिए दो माह की राशि उपलब्ध करा दी है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन का कार्य अगले 8 से 10 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद राशि लाभुकों के खातों में भेज दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को हो रही परेशानी की जांच कर जल्द समाधान का आश्वासन भी दिया गया है।