Jamshedpur: आज़ादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कुंवर बस्ती के पास स्थित सुनील स्टोर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान में घुसकर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रात करीब 3 बजे की बताई जा रही घटना
दुकान से जुड़े शुभम ने बताया कि यह घटना 1 जून 2026 की रात करीब 3 बजे हुई। घटना के समय दुकान के मालिक सुनील प्रसाद दुकान के अंदर ही सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर चोरी की नीयत से दुकान में घुस गया।
लकड़ी का पर्दा हटाकर दुकान में घुसा चोर
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर ने सबसे पहले दुकान के बाहर लगा लकड़ी का पर्दा हटाया और अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद उसने दुकान में रखे सामान को खंगालना शुरू किया।
मोबाइल, नकदी और पान मसाला चोरी
चोर दुकान से एक ओप्पो A3X मोबाइल फोन, गल्ले में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद, पान मसाला समेत अन्य सामान चोरी कर अपने साथ ले गया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
सुबह खुला चोरी का राज
घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब दुकान मालिक की नींद खुली और उन्होंने अपना मोबाइल फोन खोजा। मोबाइल नहीं मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड मिली।
आज़ादनगर थाना में दर्ज कराई गई शिकायत
घटना की लिखित शिकायत आज़ादनगर थाना में दर्ज करा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।