Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित झाबरी बस्ती में भाई-भाई के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
देर रात हुआ विवाद, छोटे भाई ने किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों भाई नशे की हालत में थे। विवाद बढ़ने के साथ ही मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि छोटे भाई दुखु हेंब्रम ने अपने बड़े भाई परलाद सनातन हेंब्रम (45 वर्ष) पर लोहे की वस्तु से हमला कर दिया। हमले में सनातन हेंब्रम के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल भाई को घर में छोड़कर फरार हुआ आरोपी
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद दुखु हेंब्रम घायल भाई को घर के अंदर लेकर आया और उसे बिस्तर पर सुला दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। सोमवार सुबह जब परिजनों को घटना की गंभीरता का पता चला तो वे सनातन हेंब्रम को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुखु हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।