Ranchi News : इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम जारी होने के बावजूद स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने चिंता जताई है। संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रांची विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात कर नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की।
कुलपति को सौंपा ज्ञापन, छात्र हित में शीघ्र जारी करने की मांग की समय-सारिणी
आजसू नेताओं ने कुलपति को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि राज्यभर के हजारों छात्र-छात्राएं यूजी नामांकन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। नामांकन में हो रही देरी के कारण विद्यार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए अविलंब नामांकन प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया। साथ ही नामांकन से संबंधित दिशा-निर्देश, कार्यक्रम और समय-सारिणी जल्द जारी करने की भी मांग की, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कुलपति ने दिया कार्रवाई का आश्वासन, छात्र हितों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुनने के बाद कुलपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। आजसू नेताओं ने कहा कि संगठन छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है और विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी संघर्ष करता रहेगा।
कुलपति से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश सचिव रोशन नायक, राजेश सिंह, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, सौरभ यादव, अब्दुल खान, राहुल, यश सोनी, पंकज, अभित कुमार, हिमांशु सिंह, शुरदीप, अमित, निशांत समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे।