Ranchi News : झारखंड वुमेन्स टी-20 लीग का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला गया। पहले ही मैच में कोल्हान डायनामोज ने दमदार प्रदर्शन करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर्स को 8 विकेट से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
ममता पासवान की घातक गेंदबाजी, ब्लास्टर्स 107 रन पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 107 रन ही बना सकी। टीम की ओर से प्रिया कुमारी ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि रश्मी गुड़िया ने 17, प्रीति शर्मा ने 14 और देवयानी प्रसाद ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया।
कोल्हान डायनामोज की ओर से ममता पासवान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 4 विकेट झटके। शिफा हसन ने भी 2 विकेट हासिल कर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
दुर्गा मुर्मू के नाबाद अर्धशतक से आसान हुई जीत
108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान डायनामोज ने 16.2 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत की नायिका दुर्गा मुर्मू रहीं, जिन्होंने 54 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
आरुषि गोयल ने भी 26 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। ममता पासवान की घातक गेंदबाजी और दुर्गा मुर्मू की शानदार बल्लेबाजी के दम पर कोल्हान डायनामोज ने टूर्नामेंट में एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए।