Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम फलों के बेहतर विपणन और किसानों को उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम उत्पादकों के लिए प्रभावी विपणन व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया गया।
FPO से रिटेल आउटलेट तक, बिक्री की बनेगी मजबूत कड़ी
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसान उत्पादक संगठन (FPO), CANOPY, अपना मार्ट और अन्य रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से किसानों के आमों की बिक्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वित प्रयासों से विपणन व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया।
जून को सजेगा आम महोत्सव और बागवानी मेला
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जून 2026 को जिला समाहरणालय परिसर में आम महोत्सव सह बागवानी मेला आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में आम उत्पादक किसान, स्वयं सहायता समूह, एफपीओ और बागवानी क्षेत्र से जुड़े हितधारक भाग लेंगे तथा आम उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाएगा।
तैयारियों में जुटा प्रशासन, सभी अधिकारियों को मिले निर्देश
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जेएसएलपीएस के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा मनरेगा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है।