Ranchi Sadar Hospital: रांची के सदर अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में एक नया रिकॉर्ड बनाया है. केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की मुस्कान योजना के तहत इस अस्पताल को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (सर्टिफिकेट) मिला है. इसके साथ ही रांची सदर अस्पताल यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मान्यता हासिल करने वाला झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है.
नेशनल टीम की जांच में 96.61% अंक
सदर अस्पताल ने राष्ट्रीय मूल्यांकन में 96.61 प्रतिशत का शानदार स्कोर खड़ा किया है. नेशनल असेसर टीम ने इसी साल 29 और 30 अप्रैल को अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया था. इस जांच में अस्पताल के अलग-अलग विभागों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा, जिसमें एसएनसीयू (SNCU) को 98%, पीडियाट्रिक वार्ड को 97.96% और पीडियाट्रिक ओपीडी को 93.84% अंक मिले हैं.
बच्चों के अनुकूल वातावरण पर विशेष ध्यान
इस कड़े मूल्यांकन के दौरान अस्पताल में बच्चों के इलाज की गुणवत्ता, मरीजों के फीडबैक, इंफेक्शन कंट्रोल, क्लिनिकल प्रोटोकॉल और बच्चों के अनुकूल सुरक्षित माहौल जैसे कड़े मानकों की जांच की गई थी. बता दें कि मुस्कान योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में नवजात शिशुओं और बच्चों को सुरक्षित व उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं देना है.
टीम वर्क की बदौलत मिली सफलता
सदर अस्पताल प्रशासन ने इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के शानदार टीम वर्क को दिया है. अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि इस राष्ट्रीय सम्मान से न सिर्फ उनका हौसला बढ़ेगा, बल्कि झारखंड के अन्य जिलों के सरकारी अस्पतालों को भी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.