Ranchi News : लालपुर थाना क्षेत्र में एक घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 50 से 70 लाख रुपये के बीच आंकी गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया था।
चोरी के पैसों से खरीदी गई सेकेंड हैंड एसयूवी, नकदी और गहने भी बरामद
तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में खुलासा हुआ कि इस चोरी की साजिश पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार ने रची थी, जो उनके साथ ही रह रहा था। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी हर्ष आयुष ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि चोरी किए गए सोने के गहनों को दो अलग-अलग सर्राफा दुकानों में बेचा गया था। उन गहनों की बिक्री से मिले पैसों से आरोपियों ने एक सेकेंड हैंड महिंद्रा एक्सयूवी कार खरीदी थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी हर्ष आयुष, उसके सहयोगी सिद्धांत सुमन, एक महिला मित्र तथा चोरी के गहने खरीदने वाले सर्राफा कारोबारियों को गिरफ्तार किया। कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 लाख 40 हजार रुपये नकद, एक सेकेंड हैंड महिंद्रा एक्सयूवी वाहन तथा लगभग 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और चोरी के शेष गहनों तथा अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।