Jamshedpur: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित ग्रीन वैली में चोरी की एक घटना सामने आई है। चोरों ने एक महिला के घर में घुसकर सोने के आभूषण और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। मामले को लेकर पीड़िता फरजाना खातून ने आजादनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चार लाख रुपये के सामान चोरी होने का दावा
फरजाना खातून के अनुसार घर में रखे सोने के कई आभूषण और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन अचानक गायब पाए गए। परिवार के लोगों ने घर और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन सामान का कोई पता नहीं चल सका। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठियां, झुमके, चूड़ियां, बालियां, लॉकेट समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। पीड़िता ने चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है।
ग्रिल का ताला खोलकर घर में घुसने की आशंका
पीड़िता ने बताया कि घटना की रात उनके पति ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि वह अपनी बेटी के साथ घर के एक कमरे में सो रही थीं। रात में घर की ग्रिल को बंद कर ताला लगा दिया गया था। सुबह पति के लौटने पर ग्रिल खोली गई, जिसके बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में आराम करने चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार को आशंका है कि बदमाशों ने ग्रिल का लॉक खोलकर घर के भीतर प्रवेश किया था।
पड़ोसी महिला ने कुछ संदिग्ध महिलाओं को देखा
घटना के बाद पीड़ित परिवार काफी परेशान है। फरजाना खातून का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पड़ोस की एक महिला ने उनके घर से दो से तीन महिलाओं को बाहर निकलते हुए देखा था। इसी आधार पर उन्हें संदेह है कि चोरी की घटना में उन्हीं महिलाओं की संलिप्तता हो सकती है।
निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने और घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।