Seraikela News: झारखंड राज्य कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान एवं धनबाद जिला कबड्डी संघ की मेजबानी में 5 से 7 जून 2026 तक धनबाद के डॉ. जे.के. सिंह मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग में 13वीं सीनियर राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी।
महिला और पुरुष दोनों वर्गों में होगा प्रतिनिधित्व
सरायकेला-खरसावां जिला कबड्डी संघ की ओर से महिला एवं पुरुष वर्ग की टीमें भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन पूर्व में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।
4 जून को धनबाद के लिए होगी टीम रवाना
जिला कबड्डी संघ के सचिव शंभू सेन ने बताया कि सरायकेला-खरसावां की टीम 4 जून को जमशेदपुर से धनबाद के लिए रवाना होगी। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और लगातार अभ्यास में जुटे हुए हैं।
जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद
कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार पोद्दार तथा कोषाध्यक्ष बहादुर कुमार ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सरायकेला-खरसावां जिले का नाम रोशन करेंगे।