TSDPL Wage Revision: टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TSDPL) में कर्मचारियों का लंबित वेतन समझौता अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. अक्टूबर 2023 से अटकी वेतन वार्ता में प्रबंधन और यूनियन के बीच बढ़ोतरी की राशि को लेकर बड़ा अंतर सामने आया है.
बुधवार को टीएसडीपीएल श्रमिक यूनियन की बैठक अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में हुई. बैठक में कमेटी मेंबरों को प्रबंधन के साथ चल रही वार्ता की स्थिति से अवगत कराया गया. चर्चा के दौरान यूनियन ने साफ कर दिया कि अगर वेतन में 12,300 रुपये से कम की बढ़ोतरी होती है तो समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे.
यूनियन का कहना है कि वर्ष 2017 से 2023 के बीच हुए पिछले वेतन समझौते में कर्मचारियों के ग्रेड में 12,300 रुपये की वृद्धि हुई थी. ऐसे में नए समझौते में इससे कम राशि स्वीकार करना कर्मचारियों के हित में नहीं होगा.
प्रबंधन बाजार स्थिति का दे रहा हवाला
बैठक में सामने आया कि कंपनी प्रबंधन मौजूदा प्रतिस्पर्धी माहौल और बाजार की स्थिति को देखते हुए इस बार 8,000 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी देने के पक्ष में नहीं है. प्रबंधन की ओर से अन्य कंपनियों में हुए वेतन समझौतों को भी आधार बनाया जा रहा है.
वार्ता के दौरान ब्लूस्कोप और टिनप्लेट जैसी कंपनियों में हुई बढ़ोतरी का उदाहरण दिया गया. बताया गया कि ब्लूस्कोप में करीब 19,500 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि टिनप्लेट में यह आंकड़ा लगभग 7,500 रुपये रहा है.
हालांकि टीएसडीपीएल यूनियन ने स्पष्ट किया कि वह पिछले समझौते में मिली 12,300 रुपये की बढ़ोतरी को न्यूनतम मानक मान रही है. यूनियन पदाधिकारियों और कमेटी मेंबरों का कहना है कि इससे कम पर सहमति बनना मुश्किल है.
यूनियन के मुताबिक पिछले ग्रेड रिवीजन के बाद कर्मचारियों के बेसिक, डीए और इंक्रीमेंट को जोड़कर अब तक करीब 30 हजार रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है.
कैंटीन व्यवस्था को लेकर भी उठे सवाल
वेतन समझौते के अलावा बैठक में कर्मचारियों की रोजमर्रा की सुविधाओं पर भी चर्चा हुई. कमेटी मेंबरों ने कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता को लेकर यूनियन अध्यक्ष के सामने शिकायत रखी.
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कैंटीन में तय मेन्यू के अनुसार खाना नहीं मिल रहा है. बुधवार को नाश्ते में दी गई इडली के साथ परोसी गई चटनी खराब और खट्टी होने की शिकायत भी की गई.
यूनियन ने कैंटीन की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए प्रबंधन से इस मामले में सुधार की मांग की है. बैठक में महामंत्री त्रिदेव सिंह के अलावा शशि मिश्रा, कौशल, अमनजी, सच्चिदानंद सिन्हा, उपेंद्र राय समेत यूनियन के पदाधिकारी और कमेटी मेंबर मौजूद रहे.