वायरल वीडियो के बाद तेज हुई पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, खान सर की कोचिंग और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना हुई थी. घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था. आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने उसे पकड़कर वीडियो डिलीट करवा दिया. हालांकि यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वायरल वीडियो में कथित तौर पर खान सर की कोचिंग के सुरक्षा गार्ड हथियार के साथ नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दो गार्ड्स को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
फायरिंग के दावे पर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
कोचिंग पर हमले के बाद फायरिंग को लेकर कई तरह के दावे सामने आए थे. हालांकि पटना पुलिस ने पहले फायरिंग संबंधी कुछ दावों को खारिज किया था. इसके बाद मामले को लेकर बयानबाजी भी हुई. अब वीडियो सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है.
पत्थरबाजी और मारपीट से शुरू हुआ था पूरा विवाद
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि रात करीब 10 बजे कुछ लोग मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल कोचिंग पहुंचे और संस्थान पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इस दौरान कोचिंग के मुख्य गेट पर लगा होर्डिंग भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
उन्होंने बताया कि कोचिंग के एक गार्ड चुनचुन के साथ भी मारपीट की गई. हमले में उसके सिर पर चोट लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया.
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत कई लोगों पर केस दर्ज
इस मामले में खान कोचिंग प्रबंधन से जुड़े कन्हैया सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. जांच के दौरान पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को गिरफ्तार किया है.
पुलिस का आरोप है कि रोशन आनंद ने पूरी घटना की साजिश रची थी. इसके अलावा तोड़फोड़ और हंगामे में शामिल पाए गए दो अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.