Ranchi News: रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुए बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में अदालत ने अहम फैसला सुनाया है. अपर न्याययुक्त अमित शेखर की अदालत ने महिला और उसके दो बच्चों की हत्या के मामले में मृतका के पति समेत चार आरोपियों को दोषी करार दिया है.
मामला ममता देवी और उनके दो मासूम बच्चों की हत्या से जुड़ा हुआ है. अदालत में चली सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कई साक्ष्य पेश किए, जिसके आधार पर कोर्ट ने सभी चारों आरोपियों को दोषी माना.
पत्नी पर शक के बाद रची गई थी साजिश
अभियोजन के अनुसार, मृतका के पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था. इसी वजह से हत्या की साजिश रची गई थी. घटना के दौरान दोनों बच्चों ने मामले को देख लिया था, जिसके बाद उन्हें भी रास्ते से हटाने के लिए उनकी हत्या कर दी गई.
जंगल में फेंके शव, पहचान छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में ले जाकर फेंक दिया था और आग लगा दी थी. इससे शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए और पूरे हत्याकांड का खुलासा किया.
इसके बाद पुलिस ने पति समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को दोषी करार दिया है. सजा के बिंदु पर सुनवाई के बाद फैसला सुनाया जाएगा.