देर रात पंचवटी चौक के पास होमगार्ड जवान को बनाया था निशाना
जानकारी के अनुसार, 25 मई की रात करीब 2.30 बजे चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी चौक के पास होमगार्ड जवान गणेश राम अपनी स्कूटी से जा रहे थे. इसी दौरान दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए.
बताया जाता है कि उस समय गणेश राम सादे कपड़ों में थे, जबकि उनकी वर्दी स्कूटी की डिक्की में रखी हुई थी. हमला करने के बाद अपराधियों ने घायल जवान को पंचवटी चौक स्थित काली मंदिर के सामने सड़क किनारे छोड़ दिया था. घटना के बाद चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया था.
एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. सिटी एसपी पारस राणा की निगरानी में पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
इसके साथ ही तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया.
पूछताछ में खुला राज, बरामद हुई स्कूटी और चाकू
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने होमगार्ड जवान पर हमला कर स्कूटी लूटने की बात स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया.
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस की नजर से बचने के लिए स्कूटी में बदलाव कर चुके थे और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी. फिलहाल पुलिस दोनों अपराधियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है.
दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात हुई इस वारदात ने इलाके में चिंता बढ़ा दी थी. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई स्कूटी की बरामदगी से पुलिस को जांच में बड़ी सफलता मिली है.