Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-06

Jamshedpur News: सिदगोड़ा टाउन हॉल में BLO और पर्यवेक्षकों को मिली SIR की ट्रेनिंग, उपायुक्त ने दिए घर-घर जाकर त्रुटिरहित सत्यापन के निर्देश

Jamshedpur: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्वाचन कार्यों के समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी एवं जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के संकलन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।

लोकतंत्र की आधारशिला है मतदाता सूची
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

प्रपत्रों के उपयोग और क्षेत्रीय सत्यापन की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संधारण, क्षेत्रीय सत्यापन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

मतदान केंद्र क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश
प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों एवं अनुभागों का भ्रमण करें। यदि नजरी नक्शा (मैप) में संशोधन की आवश्यकता हो तो बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। साथ ही अनमैप्ड वोटर सूची की दो प्रतियां बीएलओ को उपलब्ध कराई गईं, जिनमें से एक प्रति संबंधित मतदान केंद्र पर चस्पा करने का निर्देश दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !