Bokaro News : बोकारो एसपी द्वारा आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने जिले के पुलिस अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनसंपर्क को मजबूत करने के निर्देश दिए। समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी, सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर दिया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जनता का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।
हाईकोर्ट कंटेंप्ट मामलों को बताया गंभीर चिंता का विषय
आईजी ने हाल के दिनों में बोकारो जिले से जुड़े हाईकोर्ट कंटेंप्ट मामलों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी प्रक्रियात्मक खामियों के कारण डीजीपी से लेकर एसपी स्तर तक के अधिकारियों को हाईकोर्ट के समक्ष जवाब देना पड़ा है, जो पुलिस विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि नए पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में पुलिस पदाधिकारियों और हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं के साथ बैठक भी की है। आईजी ने उम्मीद जताई कि आवश्यक सुधारात्मक कदमों से भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सकेगा और न्यायालय से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित होगा।