Lohardaga: सेन्हा थाना क्षेत्र के अरु गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने जलमीनार के नजदीक एक नवजात शिशु का शव पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और घटना चर्चा का विषय बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवजात का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में था। शव का कुछ हिस्सा गायब होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि यह घटना कुछ दिन पुरानी हो सकती है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि किसी जंगली या आवारा जानवर ने शव को दूसरी जगह से लाकर यहां छोड़ दिया होगा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल सेन्हा थाना को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी नीरज झा, एएसआई श्रीकांत दास और रविंद्र बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का मानना है कि नवजात को कहीं दफनाया गया होगा, जिसे किसी जानवर ने बाहर निकालकर जलमीनार के पास पहुंचा दिया। वहीं कई लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए इसे मानवता को झकझोर देने वाली घटना करार दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद आगे होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।