Ranmgarh News : गिद्दी थाना क्षेत्र के गिद्दी सी चेकपोस्ट पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. वारिस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
एसआईटी की जांच में मिला अहम सुराग
जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को गिद्दी सी चेकपोस्ट पर बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे दो अपराधियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया था। घटना के बाद गिद्दी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. वारिस (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
मो. वारिस की निशानदेही पर पुलिस ने फायरिंग में प्रयुक्त 7.62 एमएम का एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में उसके अलावा दो अन्य अपराधी भी शामिल थे। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी, गिद्दी थाना, उरीमारी ओपी के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।