Chandil News: कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा वार्ड-14 में शनिवार को एक 16 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान हिना प्रवीण के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार हिना ने हाल ही में आठवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी कर नौवीं कक्षा में नामांकन लिया था. घटना के समय वह घर पर ही थी. इसी दौरान उसने घर में लगे पाइप के सहारे दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की.
अस्पताल ले जाने के दौरान नहीं बची जान
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों ने बताया कि हिना पढ़ाई में रुचि रखती थी और सामान्य रूप से अपना जीवन जी रही थी.
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
सूचना मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की है.
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की वजह जानने का प्रयास कर रही है.