Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नामांकन, विद्यालय सत्यापन, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) की शिक्षा, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान और पुनः नामांकन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दिव्यांग बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन पर विशेष जोर
बैठक में उपायुक्त ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के चिन्हांकन और उनके शत-प्रतिशत नामांकन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 से 24 जून तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान ऐसे सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए, जो अब तक शिक्षा की मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाए हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग बच्चों तक पहुंच बनाकर उन्हें विद्यालयों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कस्तूरबा विद्यालयों के नियमित निरीक्षण का निर्देश
राजीव रंजन ने जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रत्येक माह कम से कम दो बार औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर माहौल मिल सके।
यू-डायस डाटा अपडेट और पाठ्यपुस्तक वितरण पर फोकस
बैठक में यू-डायस (UDISE) डाटा और अन्य शैक्षणिक सूचनाओं के अद्यतन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों से जुड़े सभी आंकड़ों को समय पर अपडेट किया जाए और डाटा की गुणवत्ता बनाए रखी जाए, ताकि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त पाठ्यपुस्तकों का वितरण ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद विद्यालय खुलते ही कराने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
आधार, बैंक खाता और जन्म प्रमाण पत्र के लिए कैंप लगाने का निर्देश
बैठक में स्कूली बच्चों के आधार कार्ड, बैंक खाते और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कैंप मोड में कार्य कर इन दस्तावेजों को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
एक पेड़ मां के नाम अभियान में विद्यालयों की होगी सक्रिय भागीदारी
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि 5 जून से 30 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में सभी विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए।
अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालयों में 50, माध्यमिक विद्यालयों में 75 तथा उच्च विद्यालयों में 100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को पौधरोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, बीईईओ, बीपीओ सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।