Jamshedpur News : परसुडीह थाना क्षेत्र के बाड़ीगोड़ा रेल फाटक के पास रविवार को अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुखिया सुनीता नाग और सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
तीन साल बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण कार्य
ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पूर्व बाड़ीगोड़ा में अंडरब्रिज निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण बाड़ीगोड़ा, सालगझुरी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्रतिदिन रेल फाटक पर जाम और आवागमन की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
रेल फाटक पर जाम से बढ़ रही लोगों की परेशानी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि ट्रेन गुजरने के दौरान रेल फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, फैक्ट्री कर्मियों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज बनने से लाखों लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन परियोजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण जनसमस्या के समाधान के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
मुखिया सुनीता नाग ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से अंडरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
फिलहाल ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। अब क्षेत्रवासियों की नजर रेलवे प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।