Jamshedpur News: घाटशिला स्थित सूरदा माइंस में कार्यरत मजदूरों ने संवेदक कंपनी पर श्रमिक अधिकारों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि उन्हें न्यूनतम मजदूरी, बेहतर चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना मुआवजा समेत कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है।
950 मजदूरों ने लगाया आरोप, श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाओं से रखा जा रहा वंचित
जानकारी के अनुसार, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की सूरदा माइंस में खनन कार्य कर रही संवेदक कंपनी आर.के. इंटरप्राइजेज रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड के अधीन करीब 950 मजदूर कार्यरत हैं। मजदूरों का आरोप है कि श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाएं उन्हें नहीं दी जा रही हैं और उनकी समस्याओं पर प्रबंधन गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
मजदूरों की बैठक में बागराई मार्डी को सौंपी गई आंदोलन की कमान
अपनी मांगों को लेकर मजदूरों ने एक बैठक आयोजित की, जिसमें मजदूर नेता एवं आंदोलनकारी बागराई मार्डी शामिल हुए। बैठक में मजदूरों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। इस दौरान सर्वसम्मति से बागराई मार्डी को आंदोलन का नेतृत्वकर्ता चुना गया।
मांगें नहीं मानी गईं तो होगा उग्र आंदोलन
बैठक को संबोधित करते हुए बागराई मार्डी ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर कंपनी प्रबंधन से जल्द वार्ता की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी। मजदूरों ने भी साफ कहा कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई है, इसलिए अब आंदोलन को व्यापक रूप दिया जा सकता है।