Ranchi Crime News: राजधानी रांची के कारोबारियों पर एक बार फिर कुख्यात प्रिंस खान नजर है. मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते तीन दिनों में शहर के तीन बड़े कारोबारियों को फोन कर सीधे रंगदारी की मांग किए जाने का मामला सामने आया है. लगातार आ रहे धमकी भरे कॉल से कारोबारी वर्ग में डर का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से रांची के अलग-अलग इलाकों में व्यवसायियों को विदेश में बैठे कुख्यात प्रिंस खान के नाम से रंगदारी के लिए फोन किए जा रहे हैं. कई मामलों में अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है.
तीन दिनों में तीन बड़ी धमकियां
सूत्रों के अनुसार, 2 जून को रांची के एक बड़े रेस्टोरेंट संचालक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. इसके बाद 5 जून को शहर के एक लग्जरी होटल के मालिक को फोन कर एक करोड़ रुपये देने की धमकी दी गई.
वहीं 6 जून को एक बड़े प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी को फोन कर 24 घंटे के अंदर पैसा पहुंचाने की बात कही गई. पैसा नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई है.
टीटॉस रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में हुई थी गिरफ्तारी
रांची के चर्चित टीटॉस रेस्टोरेंट रंगदारी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इस मामले में आरोप है कि रंगदारी नहीं देने पर रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक कर्मचारी को गोली मार दी गई थी. हालांकि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इस गिरोह के कई सदस्य अब भी फरार हैं.
पहले भी कई कारोबारियों को मिल चुकी है धमकी
बीते महीनों में रांची के कई कारोबारियों को प्रिंस खान के नाम से धमकी भरे कॉल मिल चुके हैं. 24 मार्च को एक कारोबारी के बिल्डिंग प्रोजेक्ट से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था. पैसा नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी.
इसके बाद 13 मार्च को एक बड़े फार्मेसी कारोबारी से एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी. इस संबंध में संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी. वहीं 9 जनवरी को टीटॉस रेस्टोरेंट मामले में भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. पैसा नहीं मिलने के बाद फायरिंग की घटना हुई थी.
पुलिस कार्रवाई के दावों के बीच कारोबारियों में चिंता
पुलिस लगातार दावा करती रही है कि प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कई अपराधियों को जेल भेजा गया है. लेकिन इसके बावजूद लगातार आ रहे धमकी भरे कॉल ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. व्यापारी संगठनों का कहना है कि यदि अपराधी विदेश में बैठकर भी कारोबारियों को सीधे फोन कर रहे हैं तो यह गंभीर सुरक्षा चुनौती है.
सुरक्षा की मांग कर रहा व्यापारी वर्ग
बताया जा रहा है कि रांची चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से भी कई बार पुलिस मुख्यालय और वरीय अधिकारियों से कारोबारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जा चुकी है. कारोबारियों का कहना है कि वे रोज अपने प्रतिष्ठानों और अलग-अलग स्थानों पर जाते हैं. ऐसे में परिवार और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
कई व्यवसायियों ने निजी सुरक्षा और पुलिस सुरक्षा की मांग भी शुरू कर दी है. लगातार रंगदारी के कॉल के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर अपराधियों पर पूरी तरह लगाम कब लगेगी, ताकि व्यापारी बिना डर के अपना कारोबार कर सकें.