Jamshedpur News: मानगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार शाम मानगो पुल पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अचानक स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगाने के इरादे से पुल पर पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत सतर्कता दिखाई और उसे रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लोगों की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी, महिला को सुरक्षित रोका गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी देर तक पुल के किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़ी रही और नदी में कूदने की कोशिश कर रही थी। उसकी हरकतों को देखकर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने बिना देर किए उसे पकड़कर सुरक्षित किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने महिला को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। वहां उससे पूछताछ की गई, लेकिन उसने इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट रूप से नहीं बताई। पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू की।
पुलिस ने जांच के बाद महिला को परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेजा
इसी बीच महिला के पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने फोन पर जल्दी घर आने और खाना तैयार रखने की बात कही थी। जब वह घर पहुंचे तो पत्नी वहां नहीं मिली और उसका फोन भी लगातार बंद आ रहा था। बाद में पुलिस से सूचना मिलने पर पूरा मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने महिला को परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया।