Giridih News: गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक पिता पर अपनी ही तीन मासूम बेटियों की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया है।
देर रात तीन मासूम बेटियों की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। उस पर अपनी बेटियों पलवी कुमारी (12), रिद्धि कुमारी (7) और सिद्धि कुमारी (7) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वारदात देर रात हुई, जबकि मामला सुबह उजागर हुआ।
पुलिस मौके पर पहुंची, तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
हत्या के कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस शुरुआती जांच में हत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई है। पारिवारिक विवाद और मानसिक स्थिति सहित कई पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। इधर, इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और परिजनों व ग्रामीणों में गहरा शोक है।