Bihar News : मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के तख्त दलित टोला में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रांसफार्मर जल जाने से इलाके में बिजली आपूर्ति ठप थी। भीषण गर्मी से परेशान लोग घरों के बाहर सड़क किनारे सो रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रांसफार्मर खराब होने से बाहर सोने को मजबूर थे लोग
ग्रामीणों ने बताया कि टोले का ट्रांसफार्मर काफी समय से जला हुआ है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित थी। उमस और भीषण गर्मी के कारण एक दर्जन से अधिक लोग अपने घरों के बाहर सड़क किनारे और नाले के ऊपर सोए हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर लोगों के ऊपर चढ़ गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उसी रास्ते से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महंतो ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मशरक पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।
इनमें शामिल हैं घायल, चालक फरार, ट्रैक्टर जब्त
हादसे में घायल लोगों की पहचान माही कुमारी, गुलपति देवी, कादित देवी, राजा ठाकुर, काजल देवी, पवन ठाकुर और लव कुश ठाकुर के रूप में हुई है। सभी तख्त दलित टोला के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मशरक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पानापुर के रसौली गांव के एक टेंट हाउस का था।
घुमावदार सड़क पर बिगड़ा संतुलन
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। घुमावदार सड़क पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे सो रहे लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गया। कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने तथा घायलों को उचित सहायता और इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।