Jharkhand News : जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 18 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी
जानकारी के अनुसार शहर के बगालीपर निवासी स्वर्ण व्यवसायी अभिषेक कुमार वर्मा अरियरी थाना क्षेत्र के फरपर स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवीनगर ककड़ार गांव के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
चार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने व्यवसायी की बाइक रुकवाई और पिस्तौल तानकर जेवरात से भरा बैग छीन लिया। बैग में करीब 55 ग्राम सोना और दो किलो चांदी के आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को मिले अहम सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले को लेकर एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि लूट की सूचना मिली है और पुलिस को जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
जल्द गिरफ्तारी का दावा, इलाके में बढ़ी दहशत
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही लूटकांड में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि पीड़ित की ओर से लूटे गए सामान की विस्तृत सूची अभी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई गई है।
इस बड़ी लूट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।