Chandil: चांडिल वन क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित चारदीवारी को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई चांडिल रेंज अंतर्गत पुडिसिली मौजा स्थित वन भूमि पर की गई। जानकारी के अनुसार, वन भूमि के प्लॉट संख्या 385 और 399 पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर चारदीवारी का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों की शिकायत और विभागीय जांच में यह सामने आया कि उक्त भूमि पर कब्जा कर उसे बेचने की मंशा से निर्माण कार्य किया जा रहा था।
नोटिस के बाद भी कोई नहीं आया सामने
वन विभाग ने कार्रवाई से पूर्व निर्माण स्थल पर नोटिस चस्पा कर संबंधित व्यक्तियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति विभाग के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद वन विभाग ने जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी चारदीवारी को ध्वस्त कर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।
वन भूमि पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
वनपाल प्रभारी राधारमण ने बताया कि वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं द्वारा वन भूमि पर कब्जा कर उसे बेचने की कोशिश की जा रही थी, जिसे विभाग ने समय रहते विफल कर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वन भूमि की सुरक्षा के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और जहां कहीं भी अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की विभागीय पहल का स्वागत करते हुए इसे पर्यावरण और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।