Jamshedpur News: केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मंगलवार को जमशेदपुर दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। यह सम्मेलन बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन के पारीख सभागार में शाम 5:30 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
बुद्धिजीवियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से करेंगे संवाद
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शहर के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
रेलवे स्टेशन पर होगा स्वागत
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के जमशेदपुर पहुंचने पर मंगलवार शाम 4:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होंगे।