Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर में सोमवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गैरेज से निकलने के दौरान एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा। राहत की बात रही कि उस समय ट्रक के सामने कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या OD 09V 1759 मरम्मत के लिए एक गैरेज में खड़ा था। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मिस्त्री ने जैसे ही ट्रक में लगा जैक हटाया, वैसे ही बिना स्टॉपर लगाए खड़ा ट्रक आगे की ओर लुढ़कने लगा।
अचानक ट्रक को आगे बढ़ता देख आसपास मौजूद लोग घबरा गए। देखते ही देखते ट्रक सड़क पार करते हुए दूसरी ओर झाड़ियों में जाकर फंस गया।
ब्रेक खराब होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक का ब्रेक ठीक तरीके से काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण यह घटना हुई। लोगों का कहना है कि अगर उस समय सड़क पर कोई वाहन या पैदल व्यक्ति मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हालांकि ट्रक झाड़ियों में फंस जाने के कारण स्थिति संभल गई। घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी लापरवाही की वजह से।