Ranchi News : राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झारखंड के सम्मान, स्वाभिमान और राजनीतिक अधिकारों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
भाजपा विधायकों से झारखंड हित में फैसला लेने की अपील
इरफान अंसारी ने कहा कि विधानसभा में उनकी मुलाकात कई भाजपा विधायकों से हुई, जहां उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे किसी दबाव या राजनीतिक समीकरण से प्रभावित हुए बिना झारखंड के हित और सम्मान को ध्यान में रखकर निर्णय लें।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले बड़े उद्योगपतियों की राजनीति लेकर आई और अब बाहरी उम्मीदवारों को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि राज्य में योग्य और प्रतिभाशाली लोगों की कोई कमी नहीं है, फिर भी बाहरी चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है।
महागठबंधन उम्मीदवार प्रणव झा के समर्थन की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो नेता कभी परिमल नाथवानी का विरोध करते थे, वही आज उनके समर्थन में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा के विधायकों और सांसदों से महागठबंधन उम्मीदवार प्रणव झा का समर्थन करने की अपील की।
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्यसभा में झारखंड का प्रतिनिधित्व ऐसे व्यक्ति को मिलना चाहिए, जो राज्य की संस्कृति, समाज और जनता की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझता हो। उन्होंने दावा किया कि कई जनप्रतिनिधि झारखंड के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए अपना निर्णय लेंगे।