Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-09

Adityapur News: स्कूटी सवार युवक की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत, परिजनों का हंगामा, चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग, नहीं मिला तो सड़क पर शव रखकर करेंगे प्रदर्शन

Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुना भट्टा के समीप सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्यपुर-2 रायडीह बस्ती निवासी कन्हैया दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और वे दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कन्हैया दास स्कूटी से दवा लेने के लिए निकला था। इसी दौरान चुना भट्टा के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर (संख्या JH05BG3553) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मंगलवार को मृतक के परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और प्रशासन से न्याय की मांग की। परिजनों का कहना है कि उन्होंने परिवार का जवान बेटा खो दिया है, इसलिए दोषी ट्रैक्टर चालक की जल्द गिरफ्तारी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई नहीं की गई और मुआवजे की व्यवस्था नहीं हुई, तो वे शव को मुख्य सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसके लिए प्रशासन को दो घंटे का अल्टीमेटम भी दिया गया है।

मजदूर पकड़ा गया, फिर भी चालक फरार
स्थानीय नागरिकों और परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के समय वाहन में मौजूद एक मजदूर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। इसके बावजूद अब तक ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर तथा उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !