Jharkhand News: गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने और प्रसव से जुड़ी जटिलताओं को कम करने के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत विशेष स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं. इस अभियान के अंतर्गत हर महीने की 9 तारीख को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की जाती है.
अभियान के तहत अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित शिविरों में महिलाओं को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. इसमें ब्लड प्रेशर जांच, वजन मापना, पेट की जांच, खून और पेशाब की जांच के साथ अल्ट्रासाउंड और गर्भ में पल रहे बच्चे की धड़कन की जांच भी की जाती है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान का मुख्य लक्ष्य गर्भावस्था के दौरान किसी भी जोखिम को समय रहते पहचानना है. जांच में हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान होने पर महिलाओं को विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाता है और जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में भेजा जाता है.
इस पहल को मजबूत बनाने में निजी क्षेत्र के डॉक्टर भी सहयोग कर रहे हैं. "आई प्लेज फॉर 9" कार्यक्रम के तहत निजी स्त्री रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट हर महीने की 9 तारीख को कुछ समय देकर गर्भवती महिलाओं को निशुल्क चिकित्सा सलाह और सेवाएं प्रदान करते हैं.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित जांच से मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा सकती है और समय रहते उपचार मिलने से सुरक्षित प्रसव की संभावना बढ़ जाती है.