Hazaribagh News: हजारीबाग जिले में खास महाल भूमि से जुड़े विवादों, अतिक्रमण और अनियमितताओं की जांच को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है. इसके तहत हजारीबाग खास महाल क्षेत्र में आने वाली करीब 796.17 एकड़ जमीन का भौतिक सत्यापन किया जाएगा. सर्वेक्षण अभियान 22 मौजों में चलाया जा रहा है और इसे 8 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
लंबे समय से विवादों में रही है खास महाल की जमीन
खास महाल भूमि से जुड़े मामले लंबे समय से प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं. लीज नवीकरण, नामांतरण, अवैध हस्तांतरण, अतिक्रमण और भूमि उपयोग में बदलाव को लेकर लगातार शिकायतें मिलती रही हैं.
इन मामलों को देखते हुए उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद व्यापक सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया गया. प्रशासन का कहना है कि सर्वे के बाद जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और भविष्य में भूमि विवादों को कम करने में मदद मिलेगी.
हर भूखंड की होगी जांच, तैयार होगा रिकॉर्ड
सर्वेक्षण के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कौन-कौन सी जमीन वैध लीज पर है, किन मामलों में लीज नवीकरण लंबित है और कहां अतिक्रमण किया गया है. इसके अलावा जमीन के उपयोग में नियमों के उल्लंघन की भी जांच होगी.
राजस्व रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का मिलान कर प्रत्येक भूखंड की रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इससे प्रशासन के पास खास महाल भूमि का अपडेट रिकॉर्ड उपलब्ध होगा.
पांच विशेष टीमें संभालेंगी सर्वे का काम
अभियान के लिए प्रशासन ने पांच सदस्यीय विशेष टीमों का गठन किया है. प्रत्येक टीम में एक पदाधिकारी, राजस्व उपनिरीक्षक, अमीन, फोटोग्राफर और चौकीदार शामिल हैं.
टीमें मौके पर जाकर जमीन की मापी, फोटो लेने, दस्तावेजों की जांच और भौतिक सत्यापन का काम करेंगी. प्रशासन का मानना है कि इस सर्वे से भूमि प्रबंधन व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और भविष्य में विवादों के समाधान में आसानी होगी.