Jamtara: साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही जामताड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के समीप एक निर्जन स्थान पर कुछ युवक साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना मिलते ही साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल की अगुवाई में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
तीनों आरोपी धरूवाडीह गांव के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार मंडल (28 वर्ष), टिंकु कुमार मंडल (26 वर्ष) और विकास कुमार मंडल (24 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के धरूवाडीह गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बैंक कार्ड अपडेट कराने के नाम पर बनाते थे शिकार
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी लोगों को बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर संपर्क करते थे। इसके अलावा विभिन्न बैंकों और कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर इंटरनेट पर अपलोड कर लोगों को भ्रमित किया जाता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके बाद वे बैंकिंग और निजी जानकारी तक पहुंच बनाकर खातों से अवैध लेन-देन करते थे। इसी तरीके से कई लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया गया।
एक आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महेंद्र कुमार मंडल का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। वह साइबर अपराध थाना जामताड़ा में भी आरोपित रह चुका है और पूर्व में जेल जा चुका है। एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस पदाधिकारी अमृत कुमार राम, प्रशांत कुमार समेत साइबर थाना और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।