Jharkhand: झारखंड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए आईटीआई नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्यभर के सरकारी, निजी, पीपीपी मॉडल, सीएसआर आधारित आईटीआई संस्थानों तथा झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम आईटीआई, गोला में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
अलग-अलग ट्रेडों के लिए तय की गई शैक्षणिक योग्यता
विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार वायरमैन, प्लंबर, वेल्डर, मेसन और सिलाई टेक्नोलॉजी जैसे कुछ ट्रेडों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का कम से कम आठवीं पास होना जरूरी है। वहीं अन्य सभी ट्रेडों में नामांकन के लिए दसवीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य रखा गया है। प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने के लिए उम्मीदवार का झारखंड का मूल निवासी होना आवश्यक है। आयु सीमा की बात करें तो 1 अगस्त 2026 को अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 14 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए।
आरक्षण का भी मिलेगा लाभ
राज्य सरकार के प्रावधानों के तहत प्रवेश प्रक्रिया में जिला स्तरीय आरक्षण रोस्टर लागू रहेगा। इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों तथा सेवारत एवं पूर्व सैनिकों के आश्रितों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
आवेदन और मेरिट सूची की महत्वपूर्ण तिथियां
आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 जून से 25 जून 2026 तक चलेगी। आवेदन समाप्त होने के बाद 29 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक मेधा सूची जारी की जाएगी।
ट्रेड चयन में रखना होगा विशेष ध्यान
ऑनलाइन आवेदन भरते समय अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान चुनने होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार के लिए कम से कम 10 और अधिकतम 30 ट्रेड विकल्प भरना अनिवार्य किया गया है, ताकि मेरिट के आधार पर सीट आवंटन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
कौशल विकास की दिशा में अहम पहल
राज्य सरकार की यह पहल युवाओं को रोजगारोन्मुख तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे हजारों विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।