Jamshedpur: सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने शहरवासियों से रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रेल पटरियां राज्य और राष्ट्र के विकास की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं। इन्हें दुर्घटनाओं या आत्महत्या जैसी घटनाओं का माध्यम बनाकर भारतीय रेल की गरिमा और सम्मान को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए.
रेलवे क्रॉसिंग पार करने में बरतें सावधानी
संतोष कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रेलवे लाइन पार करने के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट अपनाकर सीधे रेल पटरियां पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। लोगों को हमेशा रोड ओवर ब्रिज (ROB) और रोड अंडर ब्रिज (RUB) का उपयोग कर ही रेलवे क्रॉसिंग या फाटक पार करना चाहिए।
जागरूक नागरिक बनने का दिया संदेश
उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक वही है, जो स्वयं भी नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। रेल सुरक्षा नियमों का पालन कर न केवल अपनी जान बचाई जा सकती है, बल्कि दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकता है। संतोष कुमार ने शहरवासियों से अपील की कि वे सुरक्षा को प्राथमिकता दें और रेलवे परिसरों व पटरियों के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि सुरक्षित और जिम्मेदार समाज का निर्माण हो सके।