Dhanbad: जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत बहियारडीह गांव में मंगलवार सुबह कथित अवैध कोयला तस्करों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार, बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने गांव में बमबाजी और फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
घर और दुकान को बनाया निशाना
ग्रामीणों का आरोप है कि 100 से अधिक लोगों का समूह गांव में पहुंचा और कई बम विस्फोट किए। इसके साथ ही कई राउंड फायरिंग भी की गई। हमलावरों ने शंकर साव के घर और दुकान को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान बाइक, सीसीटीवी कैमरा, टीवी, फ्रिज सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही जा रही है। पीड़ित परिवार की सदस्य रूबी देवी ने आरोप लगाया कि हमलावर घर में घुस आए और बमबाजी तथा फायरिंग के साथ तोड़फोड़ की। विरोध करने पर कई ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की गई, जिससे कुछ लोगों को चोटें आई हैं।
पुलिस टीम भी बनी निशाना
घटना की सूचना मिलने पर बरोरा और सोनारडीह पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि हालात काफी तनावपूर्ण बने रहे। आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी राइफल छीनने का प्रयास किया। पुलिस के गश्ती वाहन को भी नुकसान पहुंचाने की सूचना है। घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सोनारडीह ओपी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने अवैध कोयला तस्करी और बमबाजी के खिलाफ फोरलेन सड़क जाम करने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद बहियारडीह और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने अवैध कोयला तस्करी पर सख्त कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान में जुटी हुई है।