Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-09

Jharkhand News: मुहर्रम को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी; जिलों को आईजी अभियान ने दिए निर्देश

Jharkhand News: मुहर्रम पर्व को लेकर झारखंड पुलिस ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह ने सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.

आईजी अभियान की ओर से तैयार सुरक्षा रिपोर्ट में पूर्व में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने को कहा गया है. रिपोर्ट सभी जिलों को भेज दी गई है.

26 जून को मनाया जा सकता है मुहर्रम
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष मुहर्रम 26 जून को मनाए जाने की संभावना है. हालांकि चांद दिखने के आधार पर तारीख में बदलाव हो सकता है.
पर्व के दौरान ताजिया जुलूस निकाले जाते हैं. इसके अलावा इमामबाड़ों में शस्त्र संचालन का अभ्यास और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. पुलिस ने ऐसे इलाकों को चिह्नित करने को कहा है, जहां मिश्रित आबादी रहती है और विवाद की आशंका हो सकती है.

बिजली तारों की जांच के निर्देश
आईजी अभियान ने 2023 में बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको में हुए हादसे का भी जिक्र किया है. उस दौरान ताजिया जुलूस के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 13 लोग झुलस गए थे, जिनमें चार लोगों की मौत हो गई थी.
इस घटना को देखते हुए इस बार जुलूस मार्गों पर बिजली के तारों की जांच कराने और नीचे लटके तारों को समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं.

जुलूस मार्ग और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
पुलिस को निर्देश दिया गया है कि मुहर्रम जुलूस केवल निर्धारित रूट से ही निकले. किसी नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी. पूर्व में विवाद वाले रास्तों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
इसके अलावा सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों की निगरानी की जाएगी. अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

सुरक्षा को लेकर जारी किए गए प्रमुख निर्देश
  • सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी. 
  • थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कराई जाएंगी. 
  • पुराने विवादों वाले मामलों का पहले ही समाधान कराया जाएगा. 
  • सांप्रदायिक तनाव में शामिल रहे लोगों पर नजर रखी जाएगी. 
  • अवैध गतिविधियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. 
  • संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी. 
  • जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. 
  • डीजे पर विवादित, भड़काऊ या आपत्तिजनक गानों पर रोक रहेगी. 
  • जुलूस मार्ग में पड़ने वाली ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा. 

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुहर्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !