Ranchi News : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। चुनावी मैदान में तीन उम्मीदवारों के उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। एक ओर महागठबंधन अपने दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर एनडीए ने निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को समर्थन देकर चुनावी समीकरण बदल दिए हैं।
एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन, चुनौती नहीं : सुदेश महतो
राज्यसभा चुनाव को लेकर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए के पक्ष में 24 विधायक हैं और उनके लिए यह न तो कोई चुनौती है और न ही किसी तरह की परीक्षा। उन्होंने कहा कि वास्तविक परीक्षा महागठबंधन की है। यदि बहुमत होने के बावजूद महागठबंधन अपने दोनों उम्मीदवारों को जीत दिलाने में सफल नहीं होता है, तो इससे उसके अंदरूनी समीकरणों और नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े होंगे।
हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों को किया खारिज
हॉर्स ट्रेडिंग की आशंकाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए समर्थित उम्मीदवारों का झारखंड से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों ने राज्य में विकास कार्य किए हैं और दो बार राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में उनके समर्थन को किसी तरह की राजनीतिक खरीद-फरोख्त से जोड़ना उचित नहीं है।
चुनावी नतीजों पर टिकी राजनीतिक निगाहें
राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हैं। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों की मौजूदगी ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। अब राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोगों की नजर भी चुनाव परिणामों पर टिकी हुई है, जो राज्य की आगामी राजनीति की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।