Hazaribagh: चौपारण थाना क्षेत्र के मलिकाना गांव में 41 वर्षीय वसीम उर्फ डब्लू अंसारी की मौत का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। मृतक की मां ने अपने बेटे की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए बहू और उसके कथित साथी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों के मुताबिक, 2 जून की रात वसीम अंसारी घर लौटा था। उस दौरान उसने अपनी मां को बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है और उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया गया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे हजारीबाग सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
मां ने बहू और युवक पर लगाया गंभीर आरोप
मृतक की मां मेहरून निशा ने चौपारण थाना में लिखित शिकायत देकर अपनी पुत्रवधू शाहजहां खातून और अमित कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। उनका आरोप है कि दोनों ने मिलकर उनके बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रची, जिसके चलते उसकी जान चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाहजहां खातून और अमित कुमार के बीच पिछले करीब दो वर्षों से करीबी संबंध होने की चर्चा गांव में होती रही है। बताया जाता है कि दोनों पिछले कुछ महीनों से एक-दूसरे के संपर्क में लगातार थे। इस कारण मामला गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
मृतक की मां की शिकायत पर चौपारण थाना में दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गहन जांच कर रही है। मामले में दर्ज आरोपों की सत्यता, पारिवारिक विवाद, कथित प्रेम संबंध और मौत के कारणों की अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर
फिलहाल वसीम अंसारी की मौत के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही स्थिति साफ हो पाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह तय होगा कि मामला हत्या का है, आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य परिस्थिति का परिणाम।