Ranchi News: रिम्स-2 निर्माण परियोजना को लेकर प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद शुरू कर दिया है. इसी क्रम में मंगलवार को पिठोरिया थाना परिसर में बैठक आयोजित कर परियोजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए.
बैठक की अध्यक्षता डीएसपी अमर कुमार पांडे और इंस्पेक्टर आशीष कुमार मोदी ने की. इसमें पिठोरिया थाना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
स्थानीय समस्याओं और सुझावों पर हुई चर्चा
बैठक में रिम्स-2 परियोजना को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर लोगों की राय, संभावित समस्याओं और प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने कहा कि परियोजना से जुड़े मामलों को आपसी संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा.
अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव प्रशासन तक पहुंचाएं. साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में सहयोग करने को कहा गया.
कई पंचायतों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में हंदूर, मालसरिंग, चंदवे, पिठोरिया, राढ़हा, इंचपीड़ी, उपरकोंनकी और कोकदारो पंचायतों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. इसके अलावा पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.
भूमि अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों में है नाराजगी
रिम्स-2 परियोजना को राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम बता रही है. वहीं कुछ ग्रामीण और किसान भूमि अधिग्रहण को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं.
इसी को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहमति बनाने और विवाद की स्थिति को रोकने की कोशिश कर रहा है.