Seraikela: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ा जाए तथा स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
स्पॉन्सरशिप योजना के लाभुकों को समय पर मिले सहायता
स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा के क्रम में प्राप्त आवेदनों का विभागीय प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन करने और पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने लाभुकों को नियमित रूप से सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। बैठक में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया। साथ ही लाभुक सत्यापन में आ रही तकनीकी समस्याओं एवं अन्य बाधाओं की जानकारी तत्काल विभागीय स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिका (एलएस) सहित सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग से जुड़े अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।