Pakur News: पाकुड़ पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुष्पानगर में एक चाय दुकान से संचालित हो रहे अवैध मादक पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में गठित टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोग भागने लगे, लेकिन चाय दुकान संचालक अंसारूल शेख और सादुल शेख को पकड़ लिया गया।
21 पुड़िया ब्राउन शुगर और 26 पुड़िया गांजा बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास तथा दुकान से कुल 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (7.07 ग्राम), 26 पुड़िया गांजा (54.73 ग्राम) और 2310 रुपये नकद बरामद किए। बरामद सामग्री को जब्त कर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, फरार आरोपी की तलाश जारी
पूछताछ के दौरान पुलिस को मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। मामले में मुफस्सिल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।