Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-09

Jamshedpur Breaking: टाटानगर वंदे भारत हादसा, 18 लाख मुआवजा और नौकरी पर बनी सहमति, देर रात समझौते के बाद परिजनों का प्रदर्शन हुआ समाप्त

Jamshedpur: टाटानगर रेलवे यार्ड में वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच की छत पर लगे एसी सिस्टम की मरम्मत के दौरान हाईटेंशन ओवरहेड लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे परसूडीह के शंकरपुर निवासी युवा तकनीशियन आशीष माझी के मामले में मंगलवार को आखिरकार सहमति बन गई। रेलवे प्रशासन और मृतक के परिजनों के बीच हुई वार्ता में परिवार को 18 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद कई दिनों से जारी आंदोलन समाप्त हो गया। परिजन आशीष माझी का अंतिम संस्कार बुधवार को करेंगे।

30 मई को हुआ था दर्दनाक हादसा
बता दें कि 30 मई को टाटानगर रेलवे स्टेशन के यार्ड नंबर-1 में खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच की छत पर लगे एसी सिस्टम की मरम्मत के दौरान आशीष माझी हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आ गए थे। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद परिजनों में आक्रोश
आशीष की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिवार ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रेलवे में स्थायी नौकरी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इन मांगों को लेकर परिजन लगातार टाटानगर स्टेशन और जीआरपी थाना के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।

कई दौर की वार्ता के बाद निकला समाधान
सोमवार को रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मृतक के परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। हालांकि शुरुआती बैठकों में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका और परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
परिवार का कहना था कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक आशीष का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

देर रात हुई निर्णायक बैठक
मंगलवार रात करीब 11 बजे हुई निर्णायक वार्ता में रेलवे प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 18 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति जताई। इसके साथ ही कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को आशीष माझी का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शाम करीब 5 बजे से परिजन उनके पार्थिव शरीर को लेकर टाटानगर स्टेशन के एग्जिट गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे। देर रात समझौता होने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। रेलवे प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद परिवार ने आंदोलन समाप्त कर दिया है। परिजन बुधवार को आशीष माझी का अंतिम संस्कार करेंगे
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !