Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-10

Jamshedpur MGM Hospital: एमजीएम अस्पताल के ICU से गायब मिले 15 जूनियर डॉक्टर, अधीक्षक ने थमाया शो-कॉज

Jamshedpur: एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी के दौरान लापरवाही का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में तैनात 15 नॉन-एकेडमिक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा की ओर से जारी नोटिस में सभी संबंधित चिकित्सकों को 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब देने का आदेश दिया गया है। साथ ही कहा गया है कि यदि प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी और तीसरी शिफ्ट में मिली अनियमितता
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, संबंधित डॉक्टरों की ड्यूटी आईसीयू की दूसरी और तीसरी पाली में निर्धारित की गई थी। निरीक्षण के दौरान जब उपस्थिति की जांच की गई तो कई डॉक्टर अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नोटिस जारी किया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आईसीयू ऐसा विभाग है जहां गंभीर मरीजों का इलाज होता है और उन्हें चौबीसों घंटे चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता रहती है। ऐसे महत्वपूर्ण विभाग में डॉक्टरों की अनुपस्थिति उपचार व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है तथा मरीजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर सकती है।

विभागाध्यक्ष की टिप्पणी के साथ देना होगा जवाब
नोटिस में निर्देश दिया गया है कि सभी संबंधित चिकित्सक अपने विभागाध्यक्ष की टिप्पणी के साथ लिखित स्पष्टीकरण जमा करें। अस्पताल प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि भविष्य में ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। इस पूरे मामले की जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को भी दी गई है। नोटिस की प्रतिलिपि प्राचार्य, संबंधित विभागाध्यक्षों और सभी संबंधित जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को भेजी गई है ताकि मामले की निगरानी की जा सके और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। प्रबंधन ने कहा है कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !