Seraikela: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर बीती देर रात कपाली ओपी क्षेत्र के पुडिसिली चौक में वाहन जांच अभियान के दौरान अवैध बालू लदा एक टेलर जब्त किया गया। खनन विभाग और कपाली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान बालू लदे टेलर संख्या JH01FQ5184 को रोका गया। जांच के क्रम में चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और परिवहन अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेजों की अनुपलब्धता के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। फिलहाल जब्त टेलर को सुरक्षार्थ कपाली ओपी परिसर में रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मामले में सक्षम प्राधिकार के स्तर पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वाहन के स्वामित्व, बालू के स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सरकारी राजस्व की सुरक्षा और अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलेभर में नियमित जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन, भंडारण या गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।