Ranchi News : सीबीआई और इंटरपोल के संयुक्त समन्वय से एक बड़ी कार्रवाई में दो फरार आरोपियों को विदेश से भारत वापस लाया गया है। इनमें साइबर अपराधी गणेश बालासो काले और गैंगस्टर वैंकट गर्ग शामिल हैं। दोनों को अलग-अलग देशों में पकड़कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत प्रत्यर्पित किया गया है।
थाईलैंड से पकड़ा गया साइबर अपराधी गणेश बालासो काले
महाराष्ट्र पुलिस को लंबे समय से गणेश बालासो काले की तलाश थी। उस पर लोगों को पार्ट टाइम नौकरी दिलाने और अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
इंटरपोल की रेड नोटिस के आधार पर उसे थाईलैंड (बैंकॉक) में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के तहत उसे भारत लाया गया।
वहीं हरियाणा पुलिस को गैंगस्टर वैंकट गर्ग की लंबे समय से तलाश थी। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त होने का आरोप है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह देश से फरार हो गया था।
इंटरपोल की मदद से उसे जॉर्जिया में ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया और सभी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद भारत वापस लाया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता
सीबीआई और इंटरपोल की इस संयुक्त कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध और साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे यह संदेश गया है कि विदेश भागकर भी अपराधियों के लिए बच निकलना आसान नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी सामने आने की संभावना है। जांच एजेंसियां अब इनके वित्तीय लेनदेन और डिजिटल नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही हैं।