Potka: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में गुरुवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज गर्जना और बारिश के बीच हुई वज्रपात की घटना में एक 23 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, पोटका थाना क्षेत्र के हेंसलबिल गांव निवासी मुस्कान हांसदा (23) दोपहर करीब 1 बजे अपने घर के आसपास मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से मुस्कान को इलाज के लिए पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। हालांकि जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पोटका थाना और अंचल प्रशासन को सूचित किया। प्रशासनिक स्तर पर मामले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गांव के लोगों ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है।